
क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर है क्योंकि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का आगाज नजदीक है, और सभी की निगाहें एक बार फिर महेंद्र सिंह धोनी पर टिकी हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के अपने चहेते 'थाला' को 23 मार्च को मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ मैदान में उतरते देखने के लिए बेताब हैं।
आईपीएल के इस धमाकेदार शुरुआत से पहले, धोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने क्रिकेट प्रशंसकों को रोमांचित कर दिया है।
धोनी, जिन्हें अपने ट्रेडमार्क 'हेलीकॉप्टर शॉट' के लिए जाना जाता है, इस वीडियो में नेट्स में उसी अंदाज़ में छक्के जड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो मुंबई के खिलाफ पहले मैच से पहले सीएसके के अभ्यास सत्र का है, जिसमें धोनी अपने चिर-परिचित अंदाज में गेंद को सीमा रेखा के पार भेज रहे हैं।
इस सीज़न को धोनी का आखिरी आईपीएल माना जा रहा है, और यही वजह है कि प्रशंसकों में उत्साह और भी बढ़ गया है। नेट्स में सीएसके के गेंदबाजों की गेंदों पर उनके ताबड़तोड़ शॉट इस बात का सबूत हैं कि 'माही' में अभी भी बहुत क्रिकेट बाकी है।