हिंदी समाचार
बचपन से ही पृथ्वी शॉ बेहद…रोहित शर्मा को कोच दिनेश लाड ने खोले कई राज
दिल्ली कैपिटल्स (DC) से रिलीज़ होने के बाद वह IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में भी अनसोल्ड रहे।
भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ इस समय अपने करियर के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। हाल ही में उन्हें 2024-25 के रणजी ट्रॉफी सीज़न के लिए मुंबई की टीम से बाहर कर दिया गया है। इसके अलावा, दिल्ली कैपिटल्स (DC) से रिलीज़ होने के बाद वह IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में भी अनसोल्ड रहे।
इस बीच, भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा के बचपन के कोच दिनेश लाड ने पृथ्वी शॉ के शुरुआती दिनों को याद करते हुए एक बड़ा बयान दिया है। गौरव मंगलाणी के साथ एक पॉडकास्ट में लाड ने खुलासा किया कि शॉ बचपन से ही बेहद प्रतिभाशाली थे, लेकिन दुर्भाग्य से वह अपने रास्ते से भटक गए, जिसके चलते उनका करियर खराब हो गया।
लाड ने कहा, "मैंने पृथ्वी को 10 साल की उम्र से देखा है। वह बहुत ही प्रतिभाशाली खिलाड़ी था। हर किसी की अपनी यात्रा होती है, और मैं नहीं जानता कि उसके साथ क्या हुआ। लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह गलत रास्ते पर चले गए और उन्होंने अपना क्रिकेट खुद ही बर्बाद कर लिया।"
शॉ ने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी और अपने पहले ही मैच में शतक लगाकर धमाकेदार आगाज़ किया था। हालांकि, शानदार शुरुआत के बावजूद, उनका करियर कभी आगे नहीं बढ़ पाया और 2022 में उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया था।