हिंदी समाचार
SRH vs MI: रोहित शर्मा ने आलोचकों को दिया करारा जवाब, जीत के साथ मुंबई की हुई टॉप 3 में एंट्री
IPL 2025 के पॉइंट्स टेबल में मुंबई इंडियंस ने SRH को 7 विकेट से हराकर दमदार वापसी करते हुए तीसरे स्थान पर जगह बना ली है।
आईपीएल 2025 में शुरुआत में संघर्ष कर रही मुंबई इंडियंस ने अब जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार चौथी जीत हासिल की है। बुधवार को हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मुंबई ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट से जीत दर्ज की और अंक तालिका में टॉप-3 में अपनी जगह बना ली।
हैदराबाद की कमजोर शुरुआत, क्लासेन-मनोहर ने बचाई लाज
मैच की शुरुआत हैदराबाद के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। सिर्फ 13 रन के भीतर ही टीम ने अपने चार विकेट गंवा दिए। इसके बाद 35 रन पर पांचवां झटका लगने से हालत और बिगड़ गई। हालांकि हेनरिक क्लासेन और अभिनव मनोहर ने जिम्मेदारी लेते हुए पारी को संभाला। दोनों के बीच 99 रनों की साझेदारी हुई, जिसमें क्लासेन ने 71 रन और मनोहर ने 43 रन बनाए।
मुंबई की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट चटकाए, जबकि दीपक चाहर को दो, और हार्दिक पांड्या व जसप्रीत बुमराह को एक-एक सफलता मिली।
मुंबई का मजबूत जवाब, रोहित-सूर्या ने दिलाई जीत
144 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, जब रेयान रिकल्टन जल्दी आउट हो गए। लेकिन रोहित शर्मा और विल जैक्स ने पारी को गति दी और पावरप्ले में टीम का स्कोर 56 रन तक पहुंचा दिया। जैक्स 22 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद रोहित और सूर्यकुमार यादव की जोड़ी ने कोई गलती नहीं की।
रोहित ने शानदार 70 रन बनाए, वहीं सूर्या ने नाबाद 40 रन की पारी खेली। मुंबई ने यह लक्ष्य महज़ 15.4 ओवर में हासिल कर लिया। हैदराबाद के लिए जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी और ईशान मलिंगा को 1-1 विकेट मिला।
अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंची मुंबई
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस के अब 9 मुकाबलों में 5 जीत हो चुकी हैं और टीम 10 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही मुंबई इंडियंस अब प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती से आगे बढ़ रही है।