हिंदी समाचार
IPL 2025: 'ऑपरेशन सिंदूर' के चलते पंजाब और मुंबई के बीच मैच धर्मशाला हुआ शिफ्ट, जानें क्यों मुंबई में होगा मुकाबला
यह मुकाबला सुरक्षा कारणों के चलते वानखेड़े में नहीं खेला जाएगा।
भारतीय सेना द्वारा आतंकवाद के खिलाफ चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद हालातों को देखते हुए IPL 2025 का पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाला मैच धर्मशाला से मुंबई शिफ्ट कर दिया गया है। यह मुकाबला पहले 11 मई को हिमाचल प्रदेश के एचपीसीए स्टेडियम, धर्मशाला में खेला जाना था।
भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना ने बुधवार सुबह पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए। इस कार्रवाई में बहावलपुर और मुरिदके में स्थित जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों के अड्डों को निशाना बनाया गया।
बीसीसीआई के अनुसार, मुंबई में होने वाला यह मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में नहीं खेला जाएगा, बल्कि किसी अन्य सुरक्षित मैदान पर आयोजित किया जाएगा। बोर्ड केंद्र सरकार से संपर्क में है और 8 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होने वाले मैच को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की जा रही है।
धर्मशाला की पाकिस्तान सीमा से दूरी केवल 60 किलोमीटर है। ऐसे में 20,000 से ज्यादा दर्शकों के एकत्र होने और रात में स्टेडियम में फ्लडलाइट्स के बीच मैच होने से सुरक्षा पर खतरे की आशंका थी।
इस स्थिति को देखते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई और कहा, “हम भारतीय सेना पर गर्व करते हैं। हम आतंकियों को जवाब देने के लिए सेना और देश के साथ खड़े हैं।”
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि सभी सीमा जिलों के डीसी और एसपी को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया निगरानी के लिए तकनीकी संसाधनों को भी मजबूत किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश की 240 किलोमीटर लंबी सीमा चीन के साथ (किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में) लगती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि, "जनसभा और सार्वजनिक कार्यक्रमों को टालने का निर्देश मिला है, इसलिए मैंने आज का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है।"