हिंदी समाचार
IPL 2025: मुंबई इंडियंस ने शानदार डेब्यू करने वाले विग्नेश पुथुर को क्यों किया ड्रॉप?
मुंबई इंडियंस (MI) के बाएं हाथ के wrist-spinner विग्नेश पुथुर को गुजरात टाइटंस के खिलाफ शामिल नहीं किया गया।
मुंबई इंडियंस (MI) के युवा गेंदबाज़ विग्नेश पुथुर ने चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 3 विकेट लेकर शानदार डेब्यू किया था। मगर उन्हें 29 मार्च (शनिवार) को गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ अहमदाबाद में होने वाले मैच के लिए टीम से बाहर कर दिया गया है।
मुंबई इंडियंस ने पुथुर की जगह अफगानिस्तान के स्पिनर मुजीब उर रहमान को टीम में शामिल किया है। इसके अलावा, हार्दिक पांड्या की वापसी हुई है, जिन्होंने पहले मैच में निलंबन के कारण भाग नहीं लिया था, और उन्हें रॉबिन मिंज की जगह टीम में लिया गया है।
विग्नेश पुथुर अब इस मैच के लिए इम्पैक्ट प्लेयर लिस्ट का हिस्सा भी नहीं हैं। इस मैच के लिए मुंबई इंडियंस ने मिंज, अश्वनी कुमार, राज बावा, कोर्बिन बॉश और विल जैक्स को इम्पैक्ट सब्स के रूप में चुना है।
पुथुर ने आईपीएल में अपने पहले तीन विकेट रुतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे और दीपक हुड्डा के रूप में लिए थे। उन्होंने केरल क्रिकेट लीग (KCL) में अपनी बेहतरीन प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस के स्काउट्स को प्रभावित किया था और SA20 में MI के नेट बॉलर के तौर पर भी काम किया था।
इस मैच में, मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों टीमें इस मैच में हार के बाद उतरी हैं। मुंबई इंडियंस को CSK के खिलाफ 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि गुजरात टाइटन्स को पंजाब किंग्स (PBKS) से 11 रन से हार मिली थी।