back icon

हिंदी समाचार

article_imageखबर
Last updated on 19 Apr 2025 | 02:22 PM
Google News IconFollow Us
Vaibhav Suryavanshi IPL Price: कौन है 14 साल का खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी, मैदान पर उतरते ही बिहार का लाल रचेगा इतिहास

उनके पिता संजीव पेशे से किसान हैं। उन्होंने बेटे की प्रतिभा को पहचानते हुए घर के पीछे एक छोटा मैदान तैयार कर दिया।

भारतीय क्रिकेट में एक नया इतिहास रचा गया है। बिहार के छोटे से गांव ताजपुर से आने वाले 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से डेब्यू कर सबसे कम उम्र में लीग में खेलने वाले खिलाड़ी का रिकॉर्ड बना लिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के प्रयास राय बर्मन के नाम था, जिन्होंने 2019 में 16 साल की उम्र में पदार्पण किया था।


बचपन से क्रिकेट के दीवाने

वैभव का जन्म 27 मार्च 2011 को बिहार के ताजपुर गांव में हुआ। चार साल की उम्र से ही उन्होंने क्रिकेट पकड़ना शुरू कर दिया था। उनके पिता संजीव पेशे से किसान हैं। उन्होंने बेटे की प्रतिभा को पहचानते हुए घर के पीछे एक छोटा मैदान तैयार कर दिया। इतना ही नहीं, बेटे का सपना पूरा करने के लिए उन्होंने अपनी खेती की जमीन भी बेच दी।


नन्हे कदमों से बड़ी उड़ान

जब वैभव 9 साल के हुए, तब उन्हें समस्तीपुर की एक क्रिकेट अकादमी में दाखिला दिलाया गया। वहां से उन्होंने कड़ी मेहनत की और विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए अंडर-16 ट्रायल तक पहुंचे। हालांकि उम्र के कारण वह मुख्य टीम में नहीं आ पाए, लेकिन पूर्व रणजी खिलाड़ी मनीष ओझा की कोचिंग में उन्होंने खुद को एक परिपक्व बल्लेबाज में ढाल लिया।


राजस्थान रॉयल्स की नज़र पड़ी

आईपीएल 2025 के ऑक्शन से पहले राजस्थान रॉयल्स ने वैभव को ट्रायल के लिए नागपुर बुलाया। ट्रायल में उन्होंने अपनी ताकत का ऐसा प्रदर्शन किया कि राजस्थान और दिल्ली कैपिटल्स के बीच बोली की जंग छिड़ गई। अंततः राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा। केवल 13 साल की उम्र में आईपीएल नीलामी में शामिल होने वाले वह सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने।


घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन

वैभव ने विनू मांकड़ ट्रॉफी में 400 रन ठोक दिए और फिर रणजी ट्रॉफी 2023-24 में बिहार की ओर से डेब्यू किया। उस समय उनकी उम्र केवल 12 साल और 284 दिन थी। यह भारत के इतिहास में सबसे कम उम्र में प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने वालों में एक बन गया।

इसके अलावा, उन्होंने भारत की अंडर-19 बी टीम से भी खेला और चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट में 62 गेंदों पर 104 रन बनाकर सबको चौंका दिया। वह यह कारनामा करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बने और उनके शतक ने उन्हें क्रिकेट प्रेमियों का चहेता बना दिया।


लिस्ट ए में भी धमाका

वैभव ने बिहार के लिए विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में डेब्यू किया और 13 साल और 269 दिन की उम्र में सबसे कम उम्र में लिस्ट-ए क्रिकेट खेलने वाले भारतीय बन गए। इसके बाद उन्होंने बड़ौदा के खिलाफ 42 गेंदों में 71 रन बनाकर लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक जमाने वाले भारतीय खिलाड़ी का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।


भविष्य का सितारा

वैभव सूर्यवंशी भले ही अभी केवल 14 साल के हों, लेकिन उनके खेल में जो आत्मविश्वास और तकनीक दिखती है, वह उन्हें एक भविष्य का स्टार बनने की राह पर ले जा रही है। वह ब्रायन लारा को अपना आदर्श मानते हैं और बाएं हाथ से खेलते हैं।

Related Article