हिंदी समाचार
MI vs DC: अगर आज का मैच बारिश में धुला तो किस टीम को होगा फायदा और किसे होगा नुकसान? समझें प्लेऑफ का समीकरण
अगर बारिश की वजह से मैच रद्द होता है तो MI के 15 और DC के 14 अंक हो जाएंगे।
आईपीएल 2025 में आज मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच एक बेहद अहम मुकाबला खेला जाना है। यह मैच दोनों टीमों के लिए प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण है। लेकिन मौसम की भविष्यवाणी कुछ ठीक नहीं है, और अगर यह मैच बारिश के कारण रद्द हो गया, तो इसका सीधा असर अंक तालिका और प्लेऑफ की तस्वीर पर पड़ेगा।
बारिश में मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?
अगर आज का मैच बारिश की भेंट चढ़ गया और एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी, तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा। ऐसे में:
मुंबई इंडियंस के 12 मैचों में कुल 15 अंक हो जाएंगे।
दिल्ली कैपिटल्स के 13 मैचों में 14 अंक रहेंगे।
दिल्ली कैपिटल्स को अपना आखिरी लीग मैच 24 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलना है। उस मुकाबले में जीत हासिल करने पर उनके 16 अंक हो सकते हैं, लेकिन क्वालिफाई करने के लिए उन्हें सिर्फ जीत नहीं, बल्कि यह भी उम्मीद करनी होगी कि मुंबई 26 मई को पंजाब से हार जाए।
मुंबई को क्या करना होगा?
अगर आज का मैच रद्द होता है और मुंबई को 1 अंक मिलता है, तो उनके पास 15 अंक होंगे। इसके बाद उन्हें अपना आखिरी मैच पंजाब के खिलाफ खेलना है, जहां एक जीत उन्हें सीधे प्लेऑफ में पहुंचा देगी। अगर दिल्ली पंजाब से हार जाती है, तो मुंबई बिना खेले भी क्वालिफाई कर सकती है।
MI vs DC: बारिश की स्थिति क्या कहती है?
मौसम रिपोर्ट्स के अनुसार-
मैच शुरू होने से पहले बारिश की संभावना 77% है।
शाम 7:30 बजे बारिश की संभावना 44% रहेगी।
रात 9:30 बजे यह बढ़कर 71% हो जाती है और
10:30 बजे तक 72% तक पहुंच सकती है।
इसका मतलब है कि मैच पर लगातार बारिश का खतरा मंडरा रहा है और पूरा खेल हो पाना संदिग्ध नजर आ रहा है।