भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में एक नए युग की शुरुआत हो गई है। दिल्ली के घरेलू क्रिकेट के दिग्गज और पूर्व आईपीएल खिलाड़ी मिथुन मन्हास (Mithun Manhas BCCI New Presdident) को बोर्ड का नया अध्यक्ष चुना गया है। रविवार, 28 सितंबर को बीसीसीआई मुख्यालय में हुई वार्षिक आम बैठक (AGM) में उनके नाम पर अंतिम मुहर लगी। मन्हास ने इस पद पर 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रोजर बिन्नी की जगह ली है।
इस नियुक्ति के साथ, मिथुन मन्हास जम्मू-कश्मीर में जन्मे पहले ऐसे व्यक्ति बन गए हैं, जो दुनिया के सबसे शक्तिशाली क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष पद तक पहुँचे हैं।
एजीएम में अन्य प्रमुख पदों पर भी निर्णय लिए गए। वरिष्ठ प्रशासक राजीव शुक्ला उपाध्यक्ष के पद पर बने रहेंगे, जबकि देवजीत सैकिया सचिव के रूप में अपना कार्यकाल जारी रखेंगे। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के अध्यक्ष और भारत के पूर्व स्पिनर रघुराम भट्ट को बोर्ड का नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रभतेज भाटिया को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अरुण धूमल आईपीएल चेयरमैन के पद पर बने रहेंगे।
(Who is Mithun Manhas - BCCI New Presdident) कौन हैं मिथुन मन्हास? जानिए कैसा रहा क्रिकेट करियर
मिथुन मन्हास का नाम भारतीय क्रिकेट के घरेलू सर्किट में बेहद सम्मान से लिया जाता है। मध्यक्रम के एक भरोसेमंद बल्लेबाज और दिल्ली टीम के पूर्व कप्तान मन्हास ने अपने शानदार करियर में 157 प्रथम श्रेणी मैच खेले, जिसमें उन्होंने 45.82 की औसत से 9,714 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 27 शतक और 49 अर्धशतक निकले।
मन्हास की कप्तानी में ही दिल्ली ने 2007-08 का रणजी ट्रॉफी खिताब जीता था, जिसमें उन्होंने 900 से अधिक रन बनाकर अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण जैसे दिग्गजों के दौर में भारतीय टीम के मजबूत मध्यक्रम के कारण उन्हें कभी अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने का मौका नहीं मिला।
आईपीएल में भी मन्हास ने दिल्ली डेयरडेविल्स, पुणे वॉरियर्स इंडिया और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया। एक खिलाड़ी के रूप में उनका विशाल अनुभव अब भारतीय क्रिकेट को प्रशासनिक स्तर पर दिशा देगा।
अध्यक्ष: मिथुन मन्हास
उपाध्यक्ष: राजीव शुक्ला
सचिव: देवजीत सैकिया
कोषाध्यक्ष: रघुराम भट्ट
संयुक्त सचिव: प्रभतेज भाटिया
आईपीएल चेयरमैन: अरुण धूमल