स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) और यूपी वॉरियर्स की टीमें पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी हैं, लेकिन जाते-जाते आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को भी मुश्किल में डाल दिया है।
अब डब्ल्यूपीएल की खिताबी जंग में दिल्ली कैपिटल्स को सीधे फाइनल में खेलने का मौका मिलेगा। वहीं, मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच एलिमिनेटर मैच होगा, जो 13 मार्च को मुंबई में खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम दिल्ली के खिलाफ फाइनल में खेलेगी, जो 15 मार्च को मुंबई में होगा।
लीग चरण के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने अंक तालिका में पहले स्थान पर फिनिश किया है। दिल्ली ने 8 मैचों में से 5 मैचों में जीत हासिल की और 3 में हार का सामना किया। इस तरह से उसे 10 अंक मिले। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस ने भी 8 मैचों में से 5 जीते, लेकिन 3 मैचों में उसे हार मिली। कुल अंक समान होने के बावजूद दिल्ली ने नेट रन रेट में मुंबई को पीछे छोड़ दिया, जिससे दिल्ली को टॉप पोजीशन मिली।
दिल्ली कैपिटल्स का नेट रन रेट +0.396 था, जबकि मुंबई का नेट रन रेट +0.192 था। इस आधार पर दिल्ली को टॉप पोजीशन पर रखा गया, जबकि मुंबई दूसरे स्थान पर रही।
गुजरात जायंट्स ने 8 मैचों में से 4 जीते और 4 हारे, और उसका नेट रन रेट +0.228 रहा। वह तीसरे नंबर पर है और एलिमिनेटर खेलने के लिए तैयार है।
13 मार्च को मुंबई इंडियंस और गुजरात जायंट्स के बीच एलिमिनेटर मैच होगा। जो भी टीम यह मैच जीतेगी, वह 15 मार्च को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ फाइनल खेलेगी। अब तक के डब्ल्यूपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस और आरसीबी दोनों ने एक-एक बार ट्रॉफी जीती है। अब यह देखना होगा कि इस बार किस टीम को नया चैंपियन बनने का मौका मिलता है या फिर पुरानी विजेता टीम ही अपनी बादशाहत बनाए रखेगी।