back icon

हिंदी समाचार

article_imageखबर
Last updated on 13 Mar 2025 | 12:17 PM
Google News IconFollow Us
शुभमन गिल ने किस मामले में की बाबर आज़म की बराबरी? दुनिया में मात्र दो खिलाड़ियों ने किया ऐसा

भारत के स्टार ओपनिंग बैटर शुभमन गिल ने 12 मार्च 2025 को ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवार्ड जीतकर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम का वर्ल्ड रिकॉर्ड बराबर किया।

गिल के लिए यह अवार्ड उनके छह साल लंबे अंतर्राष्ट्रीय करियर में तीसरी बार आया है। इससे पहले, गिल को जनवरी 2023 और सितंबर 2023 में भी यह पुरस्कार मिल चुका था।

जनवरी 2023 में गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में 149 गेंदों में 208 रन बनाये थे, और सितंबर 2023 में बांग्लादेश (एशिया कप) और ऑस्ट्रेलिया (द्विपक्षीय सीरीज) के खिलाफ एक-एक शतक भी लगाया था। वहीं बाबर आजम ने अप्रैल 2021, मार्च 2022 और अगस्त 2023 में यह अवार्ड जीता था।

गिल ने फरवरी 2025 में भारत के लिए 5 मैच खेले, जिसमें उन्होंने दो शतक और दो अर्धशतक लगाए, और 406 रन बनाए। उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच में बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 101 रन और दूसरे ग्रुप A मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 46 रन बनाए। इसके अलावा, उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 6, 9 और 12 फरवरी को क्रमशः 87 रन, 60 रन और 112 रन बनाये। 

गिल के शानदार प्रदर्शन से भारत ने द्विपक्षीय सीरीज 3-0 से जीतने के साथ-साथ चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की। इस प्रदर्शन के बाद गिल ने वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर 1 की स्थिति भी हासिल की। अब, गिल IPL 2025 के लिए गुजरात टाइटन्स के कैंप से जुड़ेंगे, जहां वह टीम के कप्तान हैं और अगले सीजन में अपनी टीम को दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने की कोशिश करेंगे।

Related Article