ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज कप्तान रहे स्टीव वॉ ने भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल की जमकर तारीफ की है। उन्होंने गिल की तुलना महेंद्र सिंह धोनी से करते हुए कहा कि गिल में भी वही शांति और संयम है, जो धोनी की पहचान थी।
स्टीव वॉ का मानना है कि टेस्ट कप्तानी का जिम्मा गिल को मिलना भारतीय क्रिकेट के लिए एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा, "गिल शांत स्वभाव के खिलाड़ी हैं। वो दबाव में भी साफ सोचते हैं और टीम के साथी उनका सम्मान करते हैं। उनकी नेतृत्व क्षमता में मुझे धोनी की झलक दिखती है।"
स्टीव वॉ ने यह भी जोड़ा कि गिल एक बेहतरीन विकल्प हैं, लेकिन उन्हें नई भूमिका के लिए थोड़ा समय दिया जाना चाहिए। "भारत की कप्तानी एक बड़ी जिम्मेदारी है। यह 1.4 अरब लोगों की उम्मीदों को लेकर आती है, और गिल अभी युवा हैं। इसलिए उन्हें धीरे-धीरे इस भूमिका में ढलने देना चाहिए," वॉ ने कहा।
उन्होंने सलाह दी कि फिलहाल गिल पर ज्यादा चर्चा करने से बचना चाहिए और उन्हें खेलने व कप्तानी करने की पूरी आज़ादी देनी चाहिए। "धोनी भी ऐसे ही शांत और स्थिर स्वभाव के थे, और गिल में भी वैसा ही आत्मविश्वास नजर आता है।"
शुभमन गिल इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में भारत की अगुआई करने जा रहे हैं। उन्होंने अब तक 32 टेस्ट मैचों में 35.05 की औसत से 1,893 रन बनाए हैं, जिसमें 5 शतक और 7 अर्धशतक शामिल हैं। आईपीएल 2025 में वह गुजरात टाइटन्स की कप्तानी भी संभाल रहे हैं।