इंडियन प्रीमियर लीग 2025 अब अपने सबसे अहम पड़ाव में प्रवेश कर चुकी है। लीग चरण के 50 मुकाबले पूरे हो चुके हैं और हर टीम के लिए अब हर मैच करो या मरो जैसा हो गया है। इस सीजन में कई शानदार प्रदर्शन देखने को मिले, खासकर मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस ने काफी इम्प्रेस किया। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स जैसी दिग्गज टीमें प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं।
मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव फिलहाल ऑरेंज कैप पर कब्ज़ा किए हुए हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सिर्फ 23 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाकर टॉप पोजिशन हासिल की है। सूर्यकुमार अब तक 475 रन बना चुके हैं, वो भी 67.85 की औसत और 172.72 के स्ट्राइक रेट के साथ। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक भी लगाए हैं और लगातार उपयोगी पारियों से मुंबई इंडियंस को टूर्नामेंट में मजबूती दी है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तेज गेंदबाज जोश हेज़लवुड ने पर्पल कैप पर कब्जा जमाया हुआ है। उन्होंने 10 मैचों में 17.27 की औसत से कुल 18 विकेट लिए हैं। उनकी गेंदबाज़ी ने RCB को छह शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। उनके साथ भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पंड्या भी शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं।
50 मुकाबलों के बाद पॉइंट्स टेबल पर मुंबई इंडियंस 14 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। उन्होंने सीजन की धीमी शुरुआत के बावजूद लगातार छह मुकाबले जीतकर जबरदस्त वापसी की है। उनके बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर भी 14 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, लेकिन नेट रन रेट के चलते नीचे हैं।
तीसरे और चौथे स्थान पर क्रमशः पंजाब किंग्स (13 अंक) और गुजरात टाइटंस (12 अंक) हैं। दिल्ली कैपिटल्स भी 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर बनी हुई है।
लखनऊ सुपर जायंट्स 10 अंकों के साथ छठे स्थान पर हैं और अब भी टॉप-4 में आने की उम्मीदें ज़िंदा हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के 9 और सनराइजर्स हैदराबाद के 6 अंक हैं।
वहीं राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स का सफर इस सीजन में यहीं समाप्त हो चुका है।